राजस्थान 1st न्यूज, बीकानेर। बीकानेर सहित प्रदेश के कई जिलों में आज चौथे और अंतिम चरण का अंतिम मतदान संपन्न हुआ। बीकानेर जिले की भी तीन पंचायत समितियों की 92 ग्राम पंचायतों में आज शाम तक मतदान हुआ। जिसके बाद वोटों की गिनती की जा रही है। कई ग्राम पंचायतों में परिणाम भी सामने आना शुरू हो चुका है। बीकानेर की पांचू, नोखा, जसरासर पंचायत समितियों में पंच, सरपंच के लिए मतदान हुआ। रिकॉर्ड तोड़ मतदान के बाद अब मतदान केन्द्रों के बाहर भारी हुजूम देखा जा रहा है। प्रत्याशियों के समर्थक लगातार अपने प्रत्याशी के जीत का इंतजार कर रह रहे है।
प्रदेश के 25 जिलों की 3747 ग्राम पंचायतों में सोमवार को मतदान हुआ। आखिरी चरण के इस चुनाव में कई जगह सुबह से ही गहमागहमी रही। झुझुनूं में मतदान के दौरान बवाल हो गया। इस दौरान बवाल और विवाद के बीच पूर्व सरंपच की मौत हो गयी। पूर्व सरपंच की मौत के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया। धौलपुर और टोंक में सामने आई घटनाओं ने चुनावी माहौल को और तनावपूर्ण बना दिया। देर रात तक चुनाव परिणाम आने की प्रक्रिया जारी रहेगी।
झुंझुनूं जिले की बबाई पंचायत समिति की विजयनगर ग्राम पंचायत में मतदान के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद खूनी झड़प में बदल गया। मारपीट में गंभीर रूप से घायल हुए पूर्व सरपंच लक्ष्मी नारायण सैनी की मौत हो गई। वहीं, करणी सेना के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह भी घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया है। जानकारी के अनुसार, विजयनगर ग्राम पंचायत में मतदान के दौरान पर्चियां बनाने के लिए बूथ लगाया गया था।
इसी बूथ पर दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी। इस दौरान लक्ष्मी नारायण सैनी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जयपुर रेफर कर दिया, लेकिन जयपुर ले जाते समय रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
खास बात यह है कि विजयनगर नई पंचायत के रूप में गठित हुई है और यहां पहली बार मतदान कराया गया। इस पंचायत में पूर्व सरपंच लक्ष्मी नारायण सैनी की पुत्रवधू सरपंच पद की प्रत्याशी हैं।


