राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। शहर में सीवरेज एवं वेस्ट वाटर मैनेजमेंट व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। राजस्थान सरकार के राजस्थान अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट प्रोजेक्ट फेज-5 के तहत बीकानेर के लिए 225 करोड़ रुपए की राशि का अस्थायी आवंटन प्रस्तावित किया गया है। इस संबंध में आरयूआईडीपी के परियोजना निदेशक कार्यालय की ओर से स्वीकृति जारी की गई है।
बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास ने शहर की वेस्ट वाटर मैनेजमेंट व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम के माध्यम से प्रस्ताव भिजवाया था। इस प्रस्ताव के आधार पर बीकानेर को इस महत्वाकांक्षी परियोजना में शामिल किया गया है।
भारत सरकार द्वारा स्वीकृत आरयूआईडीपी फेज-5 के अंतर्गत राजस्थान अर्बन लाइवबिलिटी इम्प्रूवमेंट प्रोजेक्ट एशियन डेवलपमेंट बैंक की वित्तीय सहायता से तथा सस्टेनेबल अर्बन ट्रांसफॉर्मेशन इन राजस्थान एक्सीलरेटेड विश्व बैंक की वित्तीय सहायता से संचालित किया जाना है। पत्र के अनुसार वेस्ट वाटर मैनेजमेंट के लिए कोटा को 394 करोड़ तथा बीकानेर को 225 करोड़ रुपए का अस्थायी आवंटन प्रस्तावित है।
विधायक ने बताया कि नगर निगम को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार विस्तृत परियोजना रिपोर्ट एवं निविदा दस्तावेज तैयार करने होंगे। इसके लिए परियोजना क्षेत्र एवं घटकों की पहचान, निर्धारित तकनीकी मानकों का पालन तथा संबंधित तकनीकी संस्थानों से डीपीआर का मूल्यांकन करवाने सहित आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी।
यह परियोजना क्रियान्वित होने पर बीकानेर शहर की वेस्ट वाटर मैनेजमेंट व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण की दिशा में बड़ा कदम साबित होगी।


