राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। बीते दिनों बीकानेर संभाग के गंगानगर में रेलवे ट्रेक पर ब्लास्ट के मामले में अब तार पाकिस्तान से जुड़ते हुए दिखाई दे रहे है। गंगानगर के अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे ट्रेक पर ब्लास्ट के मामले में एजेंंसियों को बड़ी सफलता मिली है। राजस्थान एंटी टेरेरिस्ट स्क्वॉड ने पंजाब के गुरुदासपुर से एक महिला और उसके साथी को गिरफ्तार किया है।
एटीएस एडीजी दिनेश एमएन ने बताया कि ब्लास्ट का पाकिस्तान कनेक्शन भी सामने आया है। आरोपी महिला महकदीप कौर सोशल मीडिया के जरिए उस एजेंट के कॉन्टैक्ट में थी। ब्लास्ट के लिए उसे 30 हजार रुपए मिले थे। 3 नवंबर की रात करीब 9.45 बजे हुए ब्लास्ट से करीब आधा घंटे पहले ही एक पैसेंजर ट्रेन निकली थी। ब्लास्ट के बाद करीब 10 घंटे तक ये रूट बंद रहा था।
एटीएस अधिकारियों के अनुसार पाकिस्तानी एजेंट शाह दोस्तपुर (गुरुदासपुर) की रहने वाली महकदीप कौर (21) के संपर्क में था। महकदीप अपने साथी चौड़ा कलां (गुरुदासपुर) के रहने वाले दविन्दर सिंह (23) के साथ राजस्थान आई थी। एजेंट ने आरोपियों को खाली हाथ राजस्थान भेजा था। यहां आने के बाद एक पॉइंट पर उन्हें आईईडी ?का पैकेट मिला था।
आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि ब्लास्ट से पहले आरोपी दो बार श्रीगंगानगर आए थे, पर साजिश विफल रही। आरोपी पहले 6 अक्टूबर को आए, इन्होंने कई जगह रेकी की, लेकिन ब्लास्ट नही कर सके। 12-13 अक्टूबर को वापस लौटे और ब्लास्ट के बम प्लांट कर दिया, लेकिन ब्लास्ट हुआ नहीं। फिर 3 नवंबर को आए। उन्होंने फिर से पैकेट को रेलवे ट्रैक पर प्लांट कर दिया था। इसी में धमाका हुआ था। एटीएस को आरोपियों के पास से 2 हथियार 46 कारतूस मिले हैं। इनके पास पाकिस्तानी एजेंट के दिए हुए 30 हजार रुपए भी एटीएस ने बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपियों के मोबाइलों की जांच शुरू कर दी, जिसमें पाकिस्तानी एजेंटों से संपर्क और पैसे के लेन-देन के इनपुट भी मिले हैं।


