राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। बीकानेर के सार्दुलगंज में स्थित एक क्लिनिक में बवाल हो जाने की खबर सामने आयी है। घटना मंत्री सुमित गोदारा के सामने स्थित एक क्लिनिक से जुड़ी है। जहां पर विरोध और हंगामे की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा और पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी गई।
संयुक्त निदेशक स्वास्थ्य देवेंद्र चौधरी और सीएमएचओ डॉ. पुखराज साध के नेतृत्व में पहुंची टीम ने क्लीनिक में मौजूद दस्तावेजों और संचालन व्यवस्था की जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में आवश्यक रजिस्ट्रेशन और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज मौके पर उपलब्ध नहीं होने की बात सामने आई। बताया जा रहा है कि स्वास्थ्य विभाग को क्लीनिक से संचालित लैब का रजिस्ट्रेशन नहीं मिला। संयुक्त निदेशक देवेंद्र चौधरी ने बताया कि लैब के पंजीकरण की स्थिति की पुष्टि के लिए संबंधित विभाग से भी रिपोर्ट ली जाएगी और सभी तथ्यों की गहन जांच कराई जा रही है।
जानकारी के अनुसार क्लीनिक के खिलाफ इलाज में कथित लापरवाही की शिकायतें भी सामने आई हैं। साथ ही इसके संचालन और वैधानिक दस्तावेजों को लेकर भी कई सवाल खड़े हुए हैं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर स्वास्थ्य विभाग ने पूरे मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। फिलहाल विभाग क्लीनिक के रजिस्ट्रेशन, दस्तावेजों, लैब संचालन और अन्य कानूनी पहलुओं की पड़ताल में जुटा हुआ है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।


