राजस्थान 1st न्यूज, नेटवर्क। बीती रात को सड़क हादसा हो जाने की खबर सामने आयी है। हादसे के समय विधायक भी गाड़ी में मौजूद थे। अजमेर जिले में देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। हालांकि, गनीमत रही कि हादसे में केकड़ी विधायक शत्रुघ्न गौतम बाल-बाल बच गए। हादसा उस वक्त हुआ जब विधायक देर रात किशनगढ़ से केकड़ी जा रहे थे। तभी अजमेर-कोटा राजमार्ग पर सराना के पास सड़क हादसा हो गया।
जानकारी के अनुसार हादसे के समय ड्राइवर विनोद गुर्जर एसयूवी चला रहा था और विधायक शत्रुघ्न गौतम भी कार में बैठे हुए थे। तभी अजमेर-कोटा हाईवे पर सराना के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने एसयूवी को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद एयूवी बेकाबू हो गई और आगे चल रही एक दूसरी गाड़ी से जा भिड़ी।
हादसे में एसयूवी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के मुताबिक हादसे में विधायक और उनका चालक बाल-बाल बच गए। एसयूवी के एयरबैग खुलने की वजह से दोनों सुरक्षित है। फिलहाल, पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।


