राजस्थान फस्र्ट न्यूज,बीकानेर। एक तरफ बीकानेर में राजनीतिक हलकों में परिणामों को लेकर उत्सुकता है। दूसरी तरफ रामदेवरा जाने वाले भक्तों का रैला सड़कों पर देखते ही बन रहा है। 14 को निकाय चुनावों के परिणाम आ जाएंगे और फिर भक्त पुनरासर की और भी रवाना होंगे। इससे इतर बीकानेर में सफाई व्यवस्था अब चरमराने की स्थिति में है। बीकानेर नगर निगम क्षेत्र में 1100 सफाई कर्मचारी है।
जिनमें करीब आधे यानि 500 से अधिक कर्मचारी मेलों में चले गए है। जानकारी के अनुसार अधिकांश ये कर्मचारी सात दिनों के अवकाश पर अपनी आस्था के प्रतीक रामदेवरा के लिए निकल गए है। ऐसे में अगले सात दिनों तक शहर में सफाई व्यवस्था बेहाल होनी तय मानी जा रही है। हर वर्ष बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी रामदेवरा के लिए जाते है। कुछ ऐसा ही इस वर्ष भी दिखाई दे रहा है। बीकानेर के 500 से अधिक कर्मचारियों के जाने के बाद से मौजूद सफाई कर्मचारियों पर काम का भार पड़ेगा।
बाबा के मेले पर ऐसे में ड्यूटी पर आस्था भारी दिखाई दे रही है। बीकानेर के लिए कहा भी जाता रहा है कि यहां का इंसान अपनी संस्कृति, आस्था और मस्ती के लिए किसी भी मौके को छोड़ता नहीं है। ऐसा ही कुछ द़ृश्य इस बार भी देखने को मिल रहा है।




