
राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। गजनेर के चांडासर में दिव्यांग खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित करने एवं उनके खेल विकास को लेकर एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर एसएमएस दिव्यांग सेवा संस्था की अध्यक्षा मंजू गुलगुलिया ने उपस्थित दिव्यांग बच्चों एवं वरिष्ठ नागरिकों को दिव्यांग खिलाडिय़ों के खेल, उनकी उपलब्धियों तथा सरकार द्वारा मिलने वाली सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।


कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों—नन्द किशोर माली, पूर्व सरपंच भंवर सिंह राठौड़, समाजसेवी राजेंद्र मेघवाल एवं संपत सोलंकी—की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस दौरान सरपंच प्रतिनिधि राजेंद्र मेघवाल ने आश्वासन दिया कि जल्द ही चाडासर गांव में दिव्यांगजनों के लिए खेल संचालन शुरू किया जाएगा, पूर्व सरपंच भंवर सिंह ने दिव्यांग बच्चों को हर संभव मदद का आवाहन किया,जिससे दिव्यांग खिलाडिय़ों को आगे बढऩे का अवसर मिल सके और वे भी अपने हुनर से क्षेत्र एवं देश का नाम रोशन कर सकें। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को खेलों के प्रति जागरूक करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना रहा।



