राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। बीकानेर जिले में त्यौंहार के बाद दुखद खबर सामने आयी है। एक तरफ पुरे जिले में खुशियों के पर्व को लेकर तैयारियां की जा रही है। वहीं दूसरी तरफ बच्चे को जन्म देने के करीब एक घंटे के बाद ही प्रसूता की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए है । घटना महाजन कस्बे से जुड़ी है। महाजन के सरकारी हॉस्पिटल में प्रसूता की मौत हुई है। महाजन कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद में शनिवार को 26 साल की महिला ने बेटे को जन्म दिया। डिलीवरी के एक घंटे बाद महिला की मौत हो गई।
नवजात स्वस्थ है। परिजनों का आरोप है कि प्रसव करवाते समय हॉस्पिटल में डॉक्टर मौजूद नहीं थे। एक महिला नर्स ने डिलीवरी करवा दी, तबीयत बिगडऩे पर प्रसूता को संभालने कोई डॉक्टर नहीं आया। प्रसूता की मौत के बाद गुस्साए ग्रामीण धरने पर बैठे गए और हंगामा किया। सूचना पर सीएमएचओ डॉ. पुखराज साध मौके पर पहुंचे और समझाइश की कोशिश की, लेकिन देर रात तक परिजन कार्रवाई की मांग को लेकर अड़े रहे।
मृतका के परिजन गजानंद ओझा ने बताया- मेरी बेटी कोमल ने बेटे को जन्म दिया। डिलीवरी के बाद बेटी की तबीयत बिगड़ गई। कोमल को इलाज नहीं मिलने पर उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने सीएचसी पर प्रदर्शन किया और हॉस्पिटल स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाया।


