राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। एटीएम केश वैन लूटने के मामले में पुलिस ने दस हजार के इनामी को गिरफ्तार किया हे। यह कार्रवाई एसपी मुदृल कच्छावा के निर्देशन में पांचू पुलिस टीम ने की है। पुलिस टीम ने 51 लाख रुपए की एटीएम कैश वैन लूट के मामले में फरार चल रहे 10 हजार रुपए के इनामी अशोक को गिरफ्तार किया है। वारदात के बाद वह गांव की रोही में सुनसान जगह पर छिपा हुआ था और मोबाइल का इस्तेमाल भी नहीं कर रहा था। पुलिस ने मुखबिरों की मदद से उसे गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 5 अगस्त को पांचू थाना क्षेत्र में साधुना और सारुंडा गांव के बीच लूट की वारदात हुई थी। सीएमएस इनफो सिस्टम कंपनी की कैश वैन को रोककर चालक के सिर पर पिस्तौल तान दी और 51 लाख रुपए लूटकर फरार हो गए थे।
जांच में सामने आया कि लूट की साजिश कंपनी के कर्मचारी और कैश वैन के कस्टोडियन विक्रमसिंह ने रची थी। पुलिस इस मामले में दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। उनके कब्जे से 46 लाख रुपए बरामद किए गए थे।


