राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। नवनिर्वाचित पार्षदों के साथ निगम में आज पहली साधारण सभा होगी। जिसमें भारी हंगामे के आसार है। मुख्य रूप से सफाई, लाईट, सीवरेज को लेकर हंगामे के आसार है। पहली बैठक ही काफी हंगामेदार हो सकती है। विपक्ष के पार्षद मेयर को शहर की सफाई व्यवस्था और कचरा प्रबंधन को लेकर घेरने का प्रयास करेंगे। वहीं इससे निपटने के लिए कांग्रेस पार्षदों के साथ मेयर एक बैठक कर चुके हैं, जिसमें शहर की समस्याओं पर चर्चा के साथ ही विपक्ष के विरोध से निपटने की रणनीति पर भी चर्चा हुई।
दोपहर 12 बजे शुरू होने वाली साधारण सभा मेयर अनिल कल्ला और डिप्टी मेयर पंकज गहलोत के लिए भी नया अनुभव होगा। दोनों ही पहली बार पार्षद बने थे और इसके बाद इस महत्वपूर्ण पद तक पहुंच गए।
नगर निगम में सत्ता पक्ष को शहर की सफाई व्यवस्था के लिए घेरा जा सकता है। 2 अक्टूबर से एक फर्म को काम करने का ठेका दिया गया था, जिसने अब तक पर्याप्त संख्या में टीपर नहीं लगाए हैं। इससे घर घर कचरा संग्रहण नहीं हो रहा।


