राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। बीकानेर निवासी रविरंजन बोथरा एवं प्रियंका बोथरा की पुत्री मुस्कान बोथरा ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा हैदराबाद के दिल्ली पब्लिक स्कूल में आयोजित राष्ट्रीय निशानेबाजी प्रतियोगिता- 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-14 की 10 मीटर एयर पिस्टल व्यक्तिगत स्पर्धा में पूरे देश में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में सीबीएसई के सभी नौ ज़ोन से क्वालिफाई करने वाले निशानेबाज़ों ने भाग लिया। मुस्कान ने इससे पहले सीबीएसई वेस्ट ज़ोन शूटिंग चैंपियनशिप–2026 में रजत पदक जीतकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए क्वालिफाई किया था। वेस्ट ज़ोन प्रतियोगिता में राजस्थान, मध्य प्रदेश एवं गुजरात के निशानेबाजों ने हिस्सा लिया था।
मुस्कान ने इससे पूर्व जयपुर में आयोजित 24वीं राजस्थान स्टेट राइफल एवं पिस्टल शूटिंग चैंपियनशिप–2026 की 10 मीटर पिस्टल व्यक्तिगत स्पर्धा में तृतीय स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक भी जीता था। वहीं, हाल ही में स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (स्त्रस्नढ्ढ) के तत्वावधान में माउंट आबू में आयोजित राज्य स्तरीय 10 मीटर एयर पिस्टल शूटिंग चैंपियनशिप के फाइनल राउंड में भी मुस्कान ने तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक जीता और नेशनल स्कूल गेम्स के लिए क्वालिफाई किया।
मुस्कान ने श्री जैन पब्लिक स्कूल, बीकानेर में अध्ययन करते हुए तथा कैलिबर शूटिंग स्पोर्ट्स अकादमी, बीकानेर में प्रशिक्षण प्राप्त करते हुए निशानेबाजी के क्षेत्र में यह उपलब्धियाँ हासिल की हैं। वर्तमान में वह 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के ग्रुप-बी की सदस्य हैं।
मुस्कान की सफलता में कैलिबर शूटिंग स्पोर्ट्स अकादमी के डायरेक्टर सुनील कुमार जाट एवं को-डायरेक्टर प्रियंका चौधरी के मार्गदर्शन और प्रशिक्षण की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनकी उपलब्धियों में श्री जैन पब्लिक स्कूल के चेयरमैन विजयचंद जी कोचर (विजय मामासा), प्रधानाचार्या रूप श्री, विद्यालय प्रबंधन समिति एवं समस्त विद्यालय परिवार का सहयोग और प्रोत्साहन भी सराहनीय रहा है। उनकी यह उपलब्धि बीकानेर के लिए गौरव का विषय है।


