राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। बीकानेर संभाग में दो संतो के बीच विवाद में एक साधु की मौत हो जाने और 50 घंटे के बाद समाधि को बाहर निकालने की खबर सामने आयी है। घटना चूरू के रतनगढ़ तहसील के सांगासर गांव की है। जहां पर दो संतों के बीच हुए झगड़े के बाद एक साधु की मौत के मामले में गुरुवार को करीब 50 घंटे बाद शव को समाधि से बाहर निकाला गया। उपखंड मजिस्ट्रेट के आदेश पर तहसीलदार अंकित मिमानी की मौजूदगी में पुलिस ने शव निकलवाया। इसके बाद जालान अस्पताल की मोर्चरी में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट पर छह नामजद सहित अन्य के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सिरसा निवासी हंसराज पुत्र मोहनलाल ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उनके छोटे भाई बन्नानाथ वर्ष 2004 में संन्यास लेकर साधु बने थे। वह पिछले करीब दो वर्षों से रावतसर में बालकनाथ के आश्रम में रह रहे थे। हंसराज के मुताबिक उन्हें जानकारी मिली कि बालकनाथ के साथ हुए झगड़े में बन्नानाथ की मौत हो गई। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि बन्नानाथ के साथ मारपीट कर उनकी हत्या की गई और घटना के सबूत छिपाने के उद्देश्य से परिजनों को बिना सूचना दिए शव को समाधि दे दी गई।


