राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। ‘शुद्ध आहार-मिलावट पर वार अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा गुरुवार को लूणकरणसर तहसील क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, नमूनीकरण एवं सीजर की कार्रवाई की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने दो प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के कुल पांच नमूने लिए।
अभिहित अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध ने बताया कि लूणकरणसर क्षेत्र में मैसर्स श्री मोती मिर्च मसाला उद्योग एवं मैसर्स नारायण मावा भंडार पर कार्रवाई की गई। इस दौरान धनिया, मिर्च एवं हल्दी पाउडर, रसगुल्ले तथा चीनी के कुल पांच नमूने लिए गए। साथ ही करीब 10 क्विंटल खाद्य सामग्री, जिसमें मिर्च पाउडर, रसगुल्ले एवं चीनी शामिल है, सीज की गई।
उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान 90 किलोग्राम दूषित एवं पुरानी चाशनी, मीठा मावा तथा दूषित मिठाई को जनहित में मौके पर ही नष्ट करवाया गया। लिए गए खाद्य नमूनों को जांच के लिए जनस्वास्थ्य प्रयोगशाला, बीकानेर भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेंद्र कुमार एवं राकेश गोदारा द्वारा की गई।


