राजस्थान 1st न्यूज, बीकानेर। पुलिस को अपहरण की झूठी सूचना देने पर पुलिस द्वारा दो को शांतिभंग में पकड़ा गया है। मामला अनूपगढ़ से जुड़ा है। जहां पर पुलिस ने दो युवकों को झूठी सूचना देने पर शांतिभंग में गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार श्रीगंगानगर के अभय कमांड सेंटर से एक सूचना प्राप्त हुई थी। कॉलर सोनू, निवासी 73 जीबी, ने बताया था कि वाटर वर्क्स के पास कुछ लोग तीन गाडिय़ों में आए हैं और गुंडागर्दी करते हुए एक युवती को उठाकर ले जाने की धमकी दे रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान यह सामने आया कि दोनों पक्षों के बीच पिछली रात हनुमानगढ़ में केवल कहासुनी हुई थी। पुलिस जांच में युवती को उठाकर ले जाने जैसी कोई घटना नहीं पाई गई। 112 पर दी गई यह सूचना पूरी तरह से झूठी निकली। इसके बाद पुलिस ने झूठी सूचना देने वाले सोनू पुत्र मुखराम नायक, निवासी वार्ड नंबर 2, गजसिंहपुर, और उसके सहयोगी विनोद कुमार पुत्र मोहनलाल नायक, निवासी 4 एमके मुकलावा, को गिरफ्तार कर लिया।


