राजस्थान 1st न्यूज,नेटवर्क। प्रदेश में पंचायत चुनाव जारी है। चौथे और अंतिम चरण का मतदान अब शेष है । चुनावों के दौरान अनेक स्थानों पर मतदान को लेकर भी बवाल की खबरें सामने आयी। ऐसी ही खबर चितौडग़ढ़ के बस्सी से सामने आयी हे। जहां पर स्थानीय ग्राम पंचायत में सरपंच पद के चुनाव के दौरान मतदान के दिन हुआ विवाद अब मारपीट और जानलेवा हमले के मामले तक पहुंच गया है।

चुनावी रंजिश के चलते भाजपा जिला मंत्री गोपाल चौबे पर लाठी और सरियों से हमला करने का आरोप लगा है। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट आई और वे बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। इस मामले में गोपाल चौबे की रिपोर्ट पर बस्सी थाना पुलिस ने आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

 

जानकारी के अनुसार भाजपा मंडल के पूर्व अध्यक्ष और वर्तमान जिला मंत्री गोपाल चौबे ने रिपोर्ट दी है कि 5 नवंबर को बस्सी में सरपंच पद के लिए मतदान हो रहा था। उनका छोटा भाई कालूलाल चौबे मतदान बूथ पर सरपंच प्रत्याशी आशा व्यास की ओर से एजेंट था। दोपहर करीब ढाई बजे गोपाल चौबे मतदान करने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान उन्हें फोन पर सूचना मिली कि उनके भाई के साथ कुछ लोग मारपीट कर रहे हैं।

 

रिपोर्ट के अनुसार, सूचना मिलने पर गोपाल चौबे मौके पर पहुंचे तो वहां रतनलाल जागेटिया, महेश जागेटिया, आशीष मुंदड़ा, राजकुमार गट्टानी, किशन जागेटिया, मुकेश जागेटिया, भैरु माली और शंभूलाल हजूरी सहित 80 से 100 लोग हथियारों के साथ मौजूद थे। आरोप है कि पूर्व चुनावी रंजिश के चलते आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से उन पर लाठियों और सरियों से हमला कर दिया।

Rajasthan1st News से आप यहाँ भी जुड़ें !

संबंधित खबरें
🏏 लाइव क्रिकेट स्कोर LIVE
error: Content is protected !!