राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। मुस्लिम एज्यूकेशन प्रोग्रेसिव सोसायटी, बीकानेर के तत्वावधान में रविवार को हसनैन पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्ट, नई गजनेर रोड़ स्थित, बीकानेर में द्वितीय जिला स्तरीय मुस्लिम समाज प्रतिभा सम्मान समारोह-2026 का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में बीकानेर जिले की विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली 150 से अधिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मोहम्मद हारून राठौड़ (पूर्व उप महापौर, बीकानेर) ने की।
समारोह में ए.एच. गौरी , हाजी मकसूद अहमद (पूर्व चेयरमैन ), डॉ. अबरार पंवार (पूर्व सीएमएचओ, बीकानेर), मोहम्मद फारूक छींपा, मुबीना खान , डॉ. अर्पिता गुप्ता, समाजसेवी इक़बाल समेजा, सिमनानी प्रोजेक्ट के चेयरमेन उस्मान गनी खलीफा, इरशाद गौरी जमीअत उलेमा ए हिन्द शाखा बीकानेर के महासचिव मौलाना मोहम्मद इरशाद कासमी, कांग्रेस नेता अरविन्द मिढ़ा, वरिष्ठ अधिवक्ता सय्यद अनवर अली,सहित अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ए. एच. गौरी ने कहा कि समाज के बच्चों और युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उनकी प्रतिभा को पहचानने और उन्हें उचित मंच उपलब्ध कराने की है। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान केवल एक प्रमाण-पत्र या सम्मान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ी को मेहनत, शिक्षा और सफलता के लिए प्रेरित करने का माध्यम है।
मुस्लिम एज्यूकेशन प्रोग्रेसिव सोसायटी बीकानेर के अध्यक्ष अब्दुल कदीर गौरी ने कहा कि सोसायटी का उद्देश्य बीकानेर जिले के मुस्लिम समाज की प्रतिभाओं को सामने लाना और उन्हें प्रोत्साहित करना है। उन्होंने सम्मानित होने वाली सभी प्रतिभाओं को बधाई देते हुए कहा कि वे अपनी उपलब्धियों को आगे की मंजिल का आधार बनाएं और शिक्षा के साथ समाज एवं देश की सेवा में भी योगदान दें।
उन्होंने अभिभावकों से भी आह्वान किया कि वे अपने बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता दें और उन्हें अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुसार आगे बढऩे के लिए पूरा सहयोग प्रदान करें।
सोसायटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मोहम्मद मूसा ने कहा कि आज सम्मानित होने वाली प्रतिभाएं आने वाले समय में समाज की पहचान बनें, यही इस आयोजन की वास्तविक सफलता होगी।
समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि समाज की तरक्की का सबसे मजबूत आधार शिक्षा, प्रतिभा और युवाओं का सही मार्गदर्शन है। प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मान मिलने से उनका उत्साह बढ़ता है और अन्य बच्चों को भी मेहनत कर आगे बढऩे की प्रेरणा मिलती है।
वक्ताओं ने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने तथा युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं, खेल एवं अन्य क्षेत्रों में आगे बढऩे के अवसर उपलब्ध कराने का आह्वान किया।
समारोह में शिक्षा, धार्मिक शिक्षा, बोर्ड परीक्षाओं, उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, खेल एवं विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल करने वाली 130 से अधिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाली प्रतिभाओं एवं उनके अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में उमर दराज खान, अब्दुल वाहिद,महबूब रंगरेज, पार्षद अब्दुल सत्तार, पार्षद अब्दुल वाहिद, इक़बाल राठौड़, अब्दुल हमीद चौधरी, सय्यद अख्तर अली, एडवोकेट हैदर मौलानी,साजिद राठौड़, जुनैद भाटी, तारिक सुलेमानी, वली मोहम्मद गौरी, सिकंदर राठौड़, फिरोज़ अली खान, इंसाफ खोखर, ईमरान समेजा, अदनान खोखर, अबरार रोशन, अकबर शेख, फारूक भाटी, बब्लु कायमखानी, अबरार कायमखानी, सहित समाजसेवी एवं गणमान्यजन मौजूद रहे। आयोजन की सफलता में मुस्लिम एज्यूकेशन प्रोग्रेसिव सोसायटी, बीकानेर की पूरी टीम एवं सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। समारोह का सफल मंच संचालन अब्दुल रऊफ राठौड़ ने किया
समारोह का उद्देश्य समाज की प्रतिभाओं को पहचान दिलाना, उनका उत्साहवर्धन करना तथा नई पीढ़ी को शिक्षा और सफलता के लिए प्रेरित करना रहा।


