राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। बीकानेर में बीते दिनों व्यवसायी को पांच करोड़ की रंगदारी मांगी गयी थी। जिसके बाद अब बीकानेर रेंज पुलिस क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर रोहित गोदारा के दो गुर्गो को हथियारों के साथ पकड़ा है। यह कार्रवाई चूरू में की गयी है। जहां पर एजीटीएफ टीम ने आईपीएस अभिजीत पाटिल की अगुवाई में विदेशी हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चूरू-सरदारशहर रोड पर यह कार्रवाई की। उनके पास से दो टर्की मेड जिगाना पिस्तौल और 49 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
एसपी निश्चय प्रसाद एम ने बताया कि सरदारशहर के तारानगर रोड से रोहित गोदारा और महेंद्र डेलाणा गैंग के अनिल कुमार और नितेश बागड़ी को पकड़ा गया। ये दोनों सरदारशहर तहसील के रहने वाले हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी रंगदारी के लिए हत्या जैसी किसी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों से हथियारों के बारे में पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि उनके पास विदेशी पिस्तौल और इतने कारतूस कहां से आए।


