राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। बीकानेर का शूटिंग खेल से पुराना नाता रहा है। यहां के निशानेबाज लगातार अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर शहर का नाम रोशन कर रहे हैं। इसी कड़ी में सनराइज शूटिंग अकादमी की दो प्रतिभाशाली महिला निशानेबाज कृतिका बेनीवाल और तनु कंवर 50 मीटर फ्री पिस्टल (.22) स्पर्धा में नेशनल चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगी।
सनराइज शूटिंग अकादमी के कोच रघुवीर सिंह ने बताया कि कृतिका बेनीवाल और तनु कंवर बीकानेर की पहली दो महिला निशानेबाज हैं, जो 50 मीटर फ्री पिस्टल स्पर्धा में राष्ट्रीय चैंपियनशिप में भाग लेंगी।
उन्होंने बताया कि दोनों खिलाड़ी 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में भारतीय टीम के चयन ट्रायल में भी हिस्सा ले रही हैं। दोनों खिलाडिय़ों की इस उपलब्धि से बीकानेर के शूटिंग खेल जगत में उत्साह का माहौल है।
कोच रघुवीर सिंह ने कहा कि दोनों खिलाड़ी निरंतर अभ्यास और कड़ी मेहनत के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रयासरत हैं। उनकी सफलता से जिले की अन्य बेटियों को भी शूटिंग खेल में आगे बढऩे की प्रेरणा मिलेगी।


