राजस्थान 1st न्यूज, बीकानेर। पश्चिमी राजस्थान में मानसून की रफ्तार सुस्त पड़ती हुई दिखाई दे रही है ।जिसके चलते अब गर्मी और उमस एक बार फिर परेशान करने लगी है। बारिश का दौर कमजोर पड़ गया है। हालांकि, मौसम विभाग ने 22 अगस्त को भी पूर्वी राजस्थान के 18 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
वहीं, शुक्रवार (21 अगस्त) को भी 15 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट था, उनमें से 11 जिलों में तो मौसम साफ रहा। जिन चार जिलों में थोड़ा मौसम में बदलाव हुआ, वहां भी बारिश कम हुई। मानसून के इस कमजोर फेज के कारण राज्य के अधिकांश जिलों में गर्मी के साथ उमस बढ़ गई। अगस्त में भी तापमान 40 डिग्री के करीब रिकॉर्ड हो रहा है।
ट्रफ लाइन वर्तमान में उत्तर भारत के अमृतसर, मुजफरनगर, कानपुर, डालटनगंज, दीघा होते हुए बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। यही कारण है कि राजस्थान के हिस्से में अभी मानसून सुस्त है। आज गंगानगर, हनुमानगढ़, चुरू, सीकर, झुझुनूं, जयपुर, दौसा,अलवर, टोंंक, नागौर, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाइ्र माधोपुर, बूंदी, कोटा, बारां, झालावाड़ में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।


