राजस्थान 1st न्यूज,नेटवर्क। कुछ समय पूर्व ट्रेन में ब्लास्ट के बाद अब रेलवे ने यात्रियों के लिए बड़ा फैसला किया है। ट्रेनों में सफर के दौरान मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को रात में चार्ज करना अब यात्रियों के लिए संभव नहीं होगा। रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे को रात 11 बजे से सुबह पांच बजे तक सभी कोचों में मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट बंद रखने के निर्देशों का सख्ती से पालन कराने को कहा है। हाल ही में चार्जिंग के दौरान पावर बैंक फटने की घटना के बाद रेलवे ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। रेलवे बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि इस नियम के पालन में किसी तरह की छूट नहीं दी जाएगी।
रेलवे बोर्ड ने 26 अक्टूबर को जारी पत्र में कहा है कि संबंधित कर्मचारियों को निर्देशों के प्रति जागरूक करने के साथ प्रशिक्षित भी किया जाए। अधिकारियों और पर्यवेक्षकों को औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि निर्धारित समय पर चार्जिंग प्वाइंट की बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती है। बोर्ड ने इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने की चेतावनी दी है।
हाल में रेलवे के दक्षिण पूर्व रेलवे क्षेत्र में चार्जिंग के दौरान यात्री का पावर बैंक फटने की घटना सामने आई थी। इससे कोच में धुआं फैल गया और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना ने ट्रेन में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को चार्ज करने के दौरान होने वाले खतरे को फिर उजागर किया। रेलवे के अनुसार, निर्धारित समय में चार्जिंग प्वाइंट बंद करने के निर्देशों का पालन नहीं किया गया था।


