राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। नगर निगम बीकानेर में कचरा संग्रहण का कार्य कर रही कंपनी की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आज कंपनी के वाहन की टक्कर से एक राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घायल व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों की संवेदनहीनता को लेकर भी सवाल उठे हैं। एक ओर घायल व्यक्ति जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है, वहीं दूसरी ओर नगर निगम आयुक्त और महापौर द्वारा ऑटो रिक्शा को हरी झंडी दिखाने का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था।

 

इस गंभीर घटना के बावजूद उनके अस्पताल नहीं पहुंचने पर जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी जताई। घटना की जानकारी मिलने पर उपमहापौर पंकज गहलोत, पार्षद डॉ. भगवान सिंह मेड़तिया एवं पार्षद विक्रम सिंह राजपुरोहित अस्पताल पहुंचे और घायल व्यक्ति की कुशलक्षेम जानी। इस दौरान उपमहापौर पंकज गहलोत ने नगर निगम आयुक्त से फोन पर बात कर घटना पर कड़ा विरोध दर्ज करवाया तथा संबंधित कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और घायल व्यक्ति को उचित मुआवजा दिलवाने की मांग की।

 

जनप्रतिनिधियों ने कहा कि नगर निगम में कचरा उठाने वाली कंपनी का कार्य अब कचरा उठाने के बजाय नागरिकों की जान जोखिम में डालने वाला साबित हो रहा है। कंपनी के वाहनों की लापरवाही पर अंकुश लगाना आवश्यक है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इस गंभीर मामले को लेकर सोमवार को नगर निगम में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। जनप्रतिनिधियों ने मांग की कि संबंधित कंपनी की जिम्मेदारी तय कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा घायल व्यक्ति और उसके परिवार को उचित मुआवजा दिलवाया जाए।

Rajasthan1st News से आप यहाँ भी जुड़ें !

संबंधित खबरें
🏏 लाइव क्रिकेट स्कोर LIVE
error: Content is protected !!