राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। देशभर में आज से होने वाली तीन दिवसीय बैंकों की हड़ताल एकबारगी टाल दी गयी है। बैंकों में 5 डे वर्किंग को लेकर आज से होने वाली तीन दिन की बैंक हड़ताल टल गई है। यानी 28, 29 और 30 सितंबर को होने वाली तीन दिन की देशव्यापी हड़ताल फिलहाल नहीं होगी। इंडियन बैंक एसोसिएशन और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के बीच रविवार देर रात हुई बैठक में यह फैसला लिया गया। बैठक में छुट्टियों की मांग को लेकर कमेटी बनाने पर सहमति बनी है।
फाइव डे बैंकिंग (शनिवार की छुट्टी) पर उच्चस्तरीय कमेटी: सभी बचे हुए शनिवारों को आधिकारिक अवकाश घोषित करने के मुद्दे पर विचार करने के लिए IBA और UFBU की एक उच्चस्तरीय समिति गठित की जाएगी। यह कमेटी सभी पक्षों और खासकर ग्राहकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सर्वमान्य समाधान तलाशेगी।
PLI स्कीम में संशोधन: स्केल IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन (Performance Linked Incentive – PLI) योजना में यूनियनों की आपत्तियों को दूर करने के लिए संशोधन पर चर्चा होगी, जिसे आगे सरकार को प्रस्तावित किया जाएगा।
लंबित मुद्दों का शीघ्र निपटारा: 8 मार्च 2024 के मिनट्स (Minutes) में सूचीबद्ध अन्य सभी लंबित मुद्दों पर त्वरित समाधान के लिए वार्ता जारी रहेगी।


