राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। खुशियों में शामिल होकर लौट रही महिला के लाखों के गहने चोरी हो जाने की खबर सामने आयी है। घटना तारानगर से बीकानेर के बीच की है। इस सम्बंध में महिला के भाई विनोद कुमार ने रिपोर्ट दी है। परिवादी ने बताया कि 4 जुलाई को उसकी बहन राजपुरा गांव में एक शादी में शामिल होकर बीकानेर जाने के लिए निकली। सुबह 11 बजे बस में सवार हुई। महिला ने अपना ट्रॉली बैग ड्राइवर की सीट के पीछे रखा था। इसी दौरान चार अज्ञात व्यक्ति बस में चढ़े और उसी जगह बैठ गए जहां बैग रखा था।
उन्होंने बैग की चेन खोलकर उसमें से गले का आड, चीक पत्ते, रखड़ी, अंगूठी और पांच हजार रुपए नकद चुरा लिए। चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद वे बस से उतर गए। बीकानेर पहुंचने पर जब महिला ने अपना बैग संभाला, तो उसमें से आभूषण और नकदी गायब मिली। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और अब घटना के समय बस में मौजूद उन 4 संदिग्ध व्यक्तियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।


