राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। करीब ढ़ाई महीने पूर्व लूणकरणसर के कपूरीसर में गैंगस्टर रोहित गोदारा का रात के अंधेरे में अज्ञात लोगों द्वारा घर तोड़ दिया गया था। जैसे ही इसकी सूचना फेली तो जिलेभर में एक अजीब सन्नाटा छा गया कि आखिर किसने यह कार्रवाई की है। कार्रवाई के बाद अब मामला हाईकोर्ट पहुंच गया हे।
गैंगस्टर रोहित गोदारा के परिजनों ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटकाया है। दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने बीकानेर पुलिस अधीक्षक को शिकायत और दस्तावेजों की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने कहा कि याचिकाकर्ता की ओर से दिए जाने वाले नए आवेदन पर गंभीरता से विचार किया जाए। अगर आरोपों में प्रथम दृष्टया संज्ञेय अपराध बनता है तो एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए।
जानकारी अनुसार, 13 जुलाई की रात लूणकरणसर कस्बे से करीब 16 किलोमीटर दूर तेजाणा ढाणी स्थित रोहित गोदारा से जुड़े दो मंजिला मकान पर अचानक जेसीबी चला दी गई। रात में पहुंचे लोगों ने मकान के पिछले हिस्से को पूरी तरह ढहा दिया। दीवारें तोडऩे के साथ मुख्य हिस्से के दरवाजे-खिड़कियां भी चोरी किए जाने का आरोप लगाया गया है।हाईकोर्ट ने बीकानेर एसपी को याचिकाकर्ता की शिकायत और उससे जुड़े दस्तावेजों की जांच कर तथ्यों की सत्यता जानने के निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने याचिकाकर्ता को शिकायत और सभी साक्ष्य प्रस्तुत करने के लिए 10 दिन का समय दिया है।


