राजस्थान 1st न्यूज,नेटवर्क। पूर्व विधायक और भाजपा नेता की पीट-पीटकर हत्या कर देने की खबर सामने आयी है। घटना राजस्थान के भरतपुर जिले से जुड़ी है। जहां पर बयाना के पूर्व विधायक और बीजेपी नेता अतर सिंह भड़ाना की हत्या कर दी गई। हमले में उनके सहयोगी गगन शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। पूर्व विधायक की पत्नी कमलेश के अनुसार- अतर सिंह रविवार भौंड़ा गांव में अपने क्रेशर खनन लीज (प्लांट) पर पहुंचे थे। इसी दौरान 70 से 80 लोगों ने उन पर लाठी-पत्थरों से हमला कर दिया।
जयपुर के एसएमएस अस्पताल पहुंचने से पहले अतर सिंह की मौत हो गई। हॉस्पिटल में पोस्टमॉर्टम के बाद परिजन अतर सिंह भड़ाना का शव लेकर हरियाणा के फरीदाबाद जिले के पाली गांव के लिए रवाना हुए, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। अंदेशा लगाया जा रहा है कि सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया गया।


