राजस्थान 1st न्यूज,नेटवर्क। देशभर में आज शनिवार को करीब पौने बारह बजे एकसाथ मोबाइल पर सायरन बजे। अचानक बजे सायरन से लोग एकबारगी अचंभे में आ गए कि क्या हुआ है। दरअसल यह एक टेस्टिंग थी जो कि आपदा के समय में उपयोग में ली जा सके। इसी की टेस्टिंग के लिए यह मैसेज भेजा गया था। मोबाइल के स्क्रीन पर हिंदी-अंग्रेजी में एक मैसेज था। सायरन बंद हुआ तो मोबाइल पर मैसेज पढ़कर भी सुनाया गया। इससे कई लोग परेशान हुए, तो कई कन्फ्यूज।

हालांकि सरकार ने कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है। यह मैसेज राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने भेजा था, जो इमरजेंसी मोबाइल अलर्ट ट्रायल का हिस्सा है। इमरजेंसी में लोगों तक सूचना पहुंचाने के लिए 2 मई को इस सेल ब्रॉडकास्ट अलर्ट सिस्टम का परीक्षण किया। शनिवार को देश के सभी राज्यों की राजधानियों और दिल्ली-में सभी मोबाइल फोन पर एकसाथ टेस्टिंग मैसेज भेजा गया। यह मैसेज हिंदी और अंग्रेजी के साथ सभी क्षेत्रीय भाषाओं में भी भेजा गया। इस मैसेज में लोगों को बताया गया कि यह केवल परीक्षण है और इस पर कोई एक्शन लेने की जरूरत नहीं है।



