राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। प्रदेश में बीते दिनों निकाय के चुनाव हुए। 309 निकायों के चुनाव में मेयर, सभापति चुनाव में क्रास वोटिंग करने वाले 346 पार्षदों को कांग्रेस पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाएगी। निलंबन की कार्रवाई की तैयारी है। इसको लेकर हर जिले के निकायों में क्रॉस वोटिंग वाले पार्षदों की रिपोर्ट तैयार कर ली गई है। कांग्रेस ने क्रॉस वोटिंग को लेकर पूर्व स्पीकर सीपी जोशी के संयोजन में जांच कमेटी गठित की है।
पीसीसी ने इसमें रामसिंह कस्वां, मुरारीलाल मीणा, कुलदीप इंदौरा, प्रमोद जैन भाया, शकुंतला रावत, हाकम अली, गणेश घोघरा और रघुवीरसिंह राठौड़ को शामिल किया है। ये कमेटी 7 दिन में रिपोर्ट देगी। पीसीसी चीफ गोविंदसिंह डोटासरा को दिल्ली बुलाकर सख्त कार्रवाई के निर्देश मिल चुके। लेकिन भीलवाड़ा में पार्षदों को टिकट मिलने के बाद 2 नेताओं की लड़ाई में 17 सिंबल जमा नहीं हुए, इसके जिम्मेदारों पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही।
देश में पहला मौका था कि जयपुर से टिकट पाए प्रत्याशियों के सिंबल भेजे गए और कलेक्टर के पास समय पर सिंबल पार्टी की तरफ से जमा नहीं कराए गए। इस घटना पर स्वयं राहुल गांधी, के सी वेणुगोपाल संज्ञान ले चुके। फिर भी डोटासरा के सामने लड़े भीलवाड़ा के दोनों नेताओं धीरज गुर्जर और रामलाल जाट पर कार्रवाई नहीं हुई। पीसीसी पदाधिकारियों का कहना है कि भीलवाड़ा घटना पर पीसीसी की बजाय दिल्ली एआईसीसी से बड़ी कार्रवाई होगी।


