राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। बीकानेर में कुछ समय पूर्व में कचरा संग्रहण वाहन द्वारा केशव दत आचार्य को टक्कर मारने और इलाज के दौरान निधन हो जाने का मामला अब जयपुर पहुंच गया है। वहीं दूसरी और बीकानेर के नयाशहर पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए कचरा संग्रहण वाहन के चालक को गिरफ्तार कर लिया है। नयाशहर पुलिस ने टीपर चालक मदन सांसी को गिरफ्तार कर लिया है।
उधर सफाई और परिवहन ठेके को लेकर भ्रष्टाचार की आशंका जताते हुए मृतक के परिजनों ने अब पूरे मामले में एसीबी को शिकायत की है। नयाशहर थाना प्रभारी सरजीत सिंह ने बताया कि टीपर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना के बाद वो फरार हो गया था लेकिन सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी पहचान की गई। बीकानेर के शरद दत्त आचार्य ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक को शिकायत भेजकर ठेका आवंटन की पूरी प्रक्रिया की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की है। शिकायत में टेंडर की शर्तों, भुगतान, अधिकारियों की भूमिका और ठेकेदार कंपनी को संभावित अनुचित लाभ पहुंचाने के आरोपों की जांच कराने का आग्रह किया गया है। इसके साथ ही नगर निगम के कचरा संग्रहण टिपर से हुए हादसे में केशवदत्त आचार्य की मौत का मामला भी उठाया गया है।
शिकायत में नगर निगम आयुक्त सहित टेंडर प्रक्रिया, अनुबंध मंजूरी, निगरानी और भुगतान से जुड़े अधिकारियों की भूमिका की जांच कराने को कहा गया है।
इसके साथ ही टेंडर से जुड़े मूल दस्तावेज, फाइल नोटिंग, ई-टेंडर रिकॉर्ड, ई-मेल, भुगतान विवरण और डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित रखने का आग्रह किया गया है।


