राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। बीकानेर रेंज पुलिस का अभियान लगातार जारी है। रेंज के बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़, चुरू में अपराध की रोकथाम के लिए लगातार पुलिस टीमें कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में आज हनुमानगढ़ में रेंज पुलिस ने एरिया डॉमिनेशन अभियान के तहत एक साथ करीब 200 स्थानों पर दबिश दी।
50 पुलिस टीमों ने एक साथ 197 स्थानों पर दबिश देकर 42 को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में एनडीपीएस एक्ट के दो मामले दर्ज किए गए, जबकि कई वांछित आरोपियों को भी पकड़ा गया। अभियान के दौरान नोहर थाना पुलिस ने गश्त के दौरान वार्ड नंबर 9 निवासी पवन कुमार को पकड़ा।
उसके कब्जे से 158 ग्राम अवैध अफीम, 510 ग्राम अवैध डोडा पोस्त और 15 हजार रुपए नकद बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने अभियान में कुल 158 ग्राम अफीम, 1 किलो 100 ग्राम डोडा पोस्त, 800 प्रतिबंधित प्रेगाबालिन कैप्सूल और 1800 टेपेंटाडोल टैबलेट बरामद की गईं।
एनडीपीएस एक्ट के तहत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। विभिन्न थानों की टीमों ने एनडीपीएस एक्ट के मामलों में वांछित आठ आरोपियों को भी गिरफ्तार किया। इसके अतिरिक्त 32 लोगों के खिलाफ शांति भंग की आशंका में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।


