राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। बीकानेर रेंज पुलिस ने अपराधिक गतिविधयों की सूचना पर बड़ी कार्रवाई की है। आईजी ओमप्रकाश के निर्देशन में यह कार्रवाई चुरू पुलिस टीम ने की है। पुलिस टीम ने बड़ी वारदात की फिराक में साजिश कर रहे आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चूरू पुलिस ने आरबीजी गैंग के 24 सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि गैंग के सदस्य अपने प्रतिद्वंद्वी देवकरण उर्फ देवला जाट की हत्या की साजिश रच रहे थे। देवला जाट भी आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है और उसका आरबीजी गैंग से लंबे समय से खूनी विवाद चल रहा है। इसी रंजिश के चलते गैंग हत्या की योजना पर काम कर रहा था।
31 जुलाई और 1 अगस्त की मध्यरात्रि की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने दो अवैध देशी पिस्टल, 29 जिंदा कारतूस, एक स्कॉर्पियो और छह बोलेरो कैंपर जब्त किए हैं। पूरे मामले में संगठित अपराध और आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम. के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार तथा डीएसपी गजेंद्र सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) और दूधवाखारा थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से की।
डीएसटी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरबीजी गैंग का सरगना अपने साथियों के साथ दूधवाखारा थाना क्षेत्र के आसपास के गांवों में भारी हथियारों और कई वाहनों के साथ मौजूद है तथा किसी बड़ी वारदात की तैयारी कर रहा है। सूचना मिलते ही डीएसटी सक्रिय हुई और दूधवाखारा पुलिस के सहयोग से घेराबंदी कर कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई के दौरान कुछ आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले, लेकिन बाद में उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया गया।


