राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। बीकानेर रेंज पुलिस के कांस्टेबल का सड़क हादसे में निधन हो जाने की खबर सामने आयी है। घटना हनुमानगढ़ के भादरा से जुड़ी है। जहां पर थाने में तैनात कांस्टेबल नरेश कुमार का सोमवार को सड़क हादसे में निधन हो गया। दुर्घटना भादरा क्षेत्र के गांव डोबी की रोही स्थित हनुमान मंदिर के पास हुई।
जानकारी के अनुसार कॉन्स्टेबल नरेश कुमार सोमवार सुबह अपनी बाइक से ड्यूटी पर जा रहे थे। सुबह करीब 7 बजे गांव डोबी की रोही में हनुमान मंदिर के पास सामने से आ रहे एक डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि नरेश कुमार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायल कॉन्स्टेबल नरेश को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। कॉन्स्टेबल नरेश का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव ददरेवा (चूरू) में राजकीय सम्मान के साथ किया गया।


