राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। बीकानेर आ रहे मां-बेटी के चलती ट्रेन के एसी कोच में बड़ी चोरी हो जाने के मामले में अब बीकानेर जीआरपी की टीम ने बड़ी कार्रवाई की हे। पुलिस टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनसे पुछताछ जारी है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी का अधिकांश माल बरामद कर लिया है साथ ही लाखों की नकदी भी जब्त की गयी है।
पुलिस टीम ने बीकानेर में अणुव्रत एक्सप्रेस ट्रेन में सफर के दौरान बड़ी चोरी के मामले का खुलासा कर दिया है।
दरअसल, 11 सितंबर को नागपुर से नोखा आ रही महिला यात्रियों के बैग से 65-70 तोला सोने के जेवरात, चांदी और 7-8 लाख रुपए नकद चोरी हो गई थी। चोरी करने वाली हरियाणा की अंतरराज्यीय गैंग के 4 लोगों का जीआरपी थाना बीकानेर ने पर्दाफाश किया है। जो की लोगों की मदद करने के बहाने सूटकेस उड़ा लेते थे। पुलिस ने गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात और 5 लाख रुपए नकद बरामद किए गए हैं। वारदात में इस्तेमाल बोलेरो जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर को विक्रम रमेश राजपुरोहित की माताजी और बहन अणुव्रत एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 22631 से नागपुर से नोखा के लिए रवाना हुई थीं। दोनों का रिजर्वेशन बी-1 कोच में था। उनके पास दो ट्रॉली बैग सहित 3-4 अन्य बैग थे, जिन्हें सीट के नीचे रखा गया था। यात्रा के दौरान बैग से 65-70 तोला सोने के जेवरात, चांदी की पायजेब और अन्य आभूषण और 7-8 लाख रुपए नकद चोरी हो गए। इस संबंध में 14 सितंबर को जीआरपी थाना बीकानेर में रिपोर्ट दी गई।
जीआरपी के अनुसार आरोपियों से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात और 5 लाख रुपए नकद बरामद किए गए हैं। प्रकरण में बाकी बचे हुए माल की बरामदगी और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। चारों आरोपी पुलिस रिमांड पर हैं और उनसे अन्य ट्रेन चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए वीरेंद्र कुमार, सुरेंद्र कुमार, सुनील कुमार और रणवीर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने 6-7 सदस्यों की गैंग बनाकर ट्रेनों में चोरी करना बताया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने इस वारदात को भी अंजाम देना स्वीकार किया है।


