राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। एकतरफ भाजपा विजय उत्सव मना रही है। दूसरी तरफ बीकानेर संभाग में भाजपा के एक मंडल अध्यक्ष ने अपना इस्तीफा दे दिया है। खबर श्रीगंगानगर से जुड़ी है। जहां पर मंडल अध्यक्ष ने अपने निजी कारणों का हवाला देते हुए मंडल अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया है। भाजपा के रावला मंडल अध्यक्ष प्रेम मंडा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपने त्यागपत्र में आर्थिक तंगी, संसाधनों की कमी और कार्यालय के अभाव को इस्तीफे का मुख्य कारण बताया है।

जिलाध्यक्ष शरणपाल सिंह को भेजे गए त्यागपत्र में प्रेम मंडा ने स्पष्ट किया कि वे आर्थिक रूप से कमजोर हैं। उन्होंने बताया कि छोटी खेती के अलावा उनके पास आय का कोई अन्य साधन नहीं है, जिसके कारण संगठनात्मक जिम्मेदारियों को लगातार निभाना उनके लिए चुनौतीपूर्ण हो रहा था।
प्रेम मंडा ने बताया कि वे केवल छोटी खेती पर निर्भर हैं। ग्रामीण स्तर पर बैठकों, कार्यक्रमों और कार्यकर्ताओं से निरंतर संपर्क बनाए रखने में खर्च लगातार बढ़ रहा था। बढ़ते आर्थिक दबाव के कारण वे संगठन की जिम्मेदारियों को पहले की तरह निभाने में असमर्थ महसूस कर रहे थे।



