राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। पत्नी द्वारा प्रेमी के साथ लाखों की नकदी, आभूषण लेकर फरार हो जाने की खबर सामने आयी है। घटना श्रीगंगानगर के सूरतगढ़ से जुड़ी है। जहां पर महिला के पति ने अपनी पत्नी व प्रेमी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है।
पुलिस द्वारा शिकायत पर कार्रवाई नहीं किए जाने का आरोप लगाते हुए पीडि़त ने अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में परिवाद दायर किया। कोर्ट के आदेश पर सिटी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार वार्ड 24 निवासी भवानी शंकर ने परिवाद में बताया गया कि विवाह के कई वर्षों तक पारिवारिक जीवन सामान्य रहा, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से पत्नी के व्यवहार में बदलाव आने लगा। बाद में उसे पत्नी और दूसरे व्यक्ति के बीच कथित संबंधों की जानकारी मिली। समझाइश के बाद पत्नी ने संबंध समाप्त करने का भरोसा दिया, लेकिन कुछ समय बाद बड़ी बेटी की शादी के दौरान वह कथित रूप से दूसरे व्यक्ति के साथ चली गई।
परिवादी का आरोप है कि पत्नी अपने साथ लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण, जिनमें बोरला (चांदी का), मांग टीका, नथ (बड़ी नथ), झुमके, आड़, रानी हार, हंसली बाजूबंद 5-5 ग्राम सोने की दो अंगूठिया, करधनी, दो जोड़ी पायल और शादी के खर्च के बाद शेष रहे लगभग 50,000 रुपए नकद चोरी कर ले जाना शामिल है।
घटना के बाद उसने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस दोनों को थाने लेकर आई, लेकिन पत्नी ने पति के साथ जाने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक को भी शिकायत दी गई, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर कोर्ट की शरण लेनी पड़ी। एसीजेएम के आदेश के बाद सिटी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हेड कॉन्स्टेबल रमेशचंद को सौंप दी है।


