राजस्थान 1st न्यूज,नेटवर्क। भारतीय क्रिकेट में अपने खेल और रणनीति के दम पर एक अलग पहचान बनाने वाले खिलाड़ी ने सन्यास ले लिया है। भारतीय बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने गुरुवार को इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी। भारत के लिए 85 टेस्ट, 90 वनडे और 20 टी-20 खेल चुके रहाणे ने इंस्टाग्राम पर वीडियो जारी कर इस फैसले की जानकारी दी।
वे पिछले 3 साल से किसी भी फॉर्मेट में भारतीय टीम का हिस्सा नहीं थे। वीडियो में 38 साल के रहाणे ने भावुक होते हुए कहा कि अब उनके लिए आगे बढऩे का यही सही समय है। विराट कोहली ने सोशल मीडिया पोस्ट कर रहाणे को उनके करियर के लिए बधाई दी है। विराट कोहली ने रहाणे के संन्यास पर लिखा- जिंक्स, शानदार करियर के लिए बधाई दोस्त। भारतीय क्रिकेट के लिए आपने बेहतरीन योगदान दिया है। कोहली ने आगे लिखा- स्लिप में सबसे भरोसेमंद हाथ और टेस्ट क्रिकेट में मेरे फेवरेट बैटिंग पार्टनर रहे।
रहाणे के करियर का सबसे सुनहरा अध्याय 2020-21 के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर लिखा गया। एडिलेड टेस्ट में भारत के 36 रन पर ऑलआउट होने और विराट कोहली के लौटने के बाद रहाणे ने कप्तानी संभाली। मेलबर्न में शतक लगाकर उन्होंने भारत को जीत दिलाई और सीरीज 1-1 से बराबर की। रहाणे की कप्तानी में भारत ने गाबा में ऐतिहासिक जीत दर्ज कर ऑस्ट्रेलिया को 2-1 से सीरीज हराई और उसका 32 साल पुराना अजेय रिकॉर्ड तोड़ा।


