राजस्थान फस्र्ट न्यूज,नेटवर्क। अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर तनाव की स्थितियां बन गयी है। ईरान के होर्मुज पर तीन टैंकरों को निशाना बनाया। जिसके बाद अमेरिका ने 80 ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की। जिसके जवाब में ईरान ने कतर सहित कई जगहों पर अमेरिका के सैन्य ठिकानों पर हमले का दावा किया। जिसके बाद दुनियाभर में एक बार फिर हलचल तेज हो गयी है। ईरान और अमेरिका के बीच सीजफायर खत्म हो गयी।
इसी को लेकर बड़ी खबर निकलकर सामने आयी है कि ट्रंप ने बड़े हमले की धमकी दी है। खबरों के मुताबिक ट्रंप ने फिर धमकी दी है कि अमेरिका ईरान के आम नागरिकों से जुड़े बुनियादी ढांचे पर हमला कर सकता है और संघर्ष-विराम टूटने के बाद खार्ग द्वीप पर कब्ज़ा करने की कोशिश कर सकता है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि पिछले दिन हुए हमलों के बाद, वे बुधवार रात ईरान पर और हमले कर सकते हैं। तुर्की में समिट के दौरान यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की से मिलने से पहले, ट्रंप ने पत्रकारों से कहा, मैं थोड़ी चेतावनी दे दूं, हम आज रात उन पर ज़ोरदार हमला करने वाले हैं।
ईरानी नेता तेल निर्यात के मुख्य केंद्र खार्ग द्वीप पर हमला करने की ट्रंप की धमकी का कड़ा विरोध कर रहे हैं। इसे लेकर ईरानी संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति समिति के प्रवक्ता इब्राहिम रेज़ाई ने सोशल मीडिया पर लिखा कि आइए हम आपका इंतज़ार कर रहे हैं और हम वादा करते हैं कि एक भी अमेरिकी सैनिक जि़ंदा वापस नहीं लौटेगा।
ट्रंप ने अंकारा में पत्रकारों से कहा कि ईरान पर हाल ही में हुए अमेरिकी हमलों का बहुत बड़ा असर हुआ है। उन्होंने दावा किया कि इन हमलों में तेहरान के उन रडार सिस्टम को नष्ट कर दिया गया जिन्हें वह फिर से बना रहा था, हालांकि उन्होंने अपने दावों के समर्थन में कोई सबूत नहीं दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि अमेरिका इस मामले को और आगे बढ़ा सकता है। उनकी बिजली बनाने वाली सुविधाएं, बिजली संयंत्र… अगर ज़रूरत पड़ी तो हम उन्हें नष्ट कर देंगे।


