राजस्थान 1st न्यूज, बीकानेर। बीकानेर में निकाय चुनावों के बाद आज महापौर के लिए मतदान होना है। जिसको लेकर राजनीतिक सरगर्मिया तेज हो गयी है। कांग्रेसी पार्षदों को नोटिस थमाए गए तो बीकानेर की राजनीति में बंवडऱ आ गया। वोटिंग के ठीक पहले वार्ड 18 से कांग्रेसी पार्षद और पूर्व यूआईटी अध्यक्ष मकसूद अहमद और वार्ड 50 से पार्षद नवरत्न डागा पर पुलिस ने कानूनी शिकंजा कस दिया है।
कोटगेट थाना पुलिस ने मकसूद अहमद को 20 सितंबर को पूछताछ के लिए बुलाया, सदर थाना पुलिस ने नवरत्न डागा को 21 सितंबर (मेयर वोटिंग के दिन) सुबह 10 बजे हाजिर होने का नोटिस दिया है। वार्ड 53 के पार्षद अनीश अली के घर पुलिस रेड हुई।
मकसूद के मामले को लेकर जोधपुर हाईकोर्ट में रविवार की छुट्टी के बावजूद रात को सुनवाई हुई। मुख्य न्यायाधीश की विशेष अनुमति से जस्टिस सुनील बेनीवाल की पीठ ने याचिका पर सुनवाई की। याचिकार्ता के वकील कौशल गौतम ने बताया कि कोर्ट ने पुलिस कार्रवाई की टाइमिंग पर भी सवाल उठाए। परिस्थितियों को देखते हुए हाईकोर्ट ने रात 11:15 बजे आदेश जारी कर अगली सुनवाई तक मकसूद की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है।
अदालत ने याचिकाकर्ता को 30 सितंबर सुबह 11:30 बजे पूछताछ के लिए अनिवार्य रूप से उपस्थित होने के आदेश दिए हैं। अगली सुनवाई 8 अक्टूबर को होगी। एडवोकेट भव्य गौतम ने बताया कि मकसूद चुनाव प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे। एक ही समय में कांग्रेस के दो दिग्गजों को पुराने व नए मामलों में पुलिस नोटिस थमाने के बाद बीकानेर के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हैं।


