राजस्थान 1st न्यूज, बीकानेर। अवैध नशीले पदार्थो के खिलाफ बीकानेर पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन जारी है। एसपी मुदृल कच्छावा के निर्देशन में पुलिस टीमें लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में आज नापासर पुलिस ने, नोखा पुलिस ने और नयाशहर पुलिस टीमों ने कार्रवाई करते हुए एमडी, डोडा, नशीली गोलियां जब्त की है।
नापासर पुलिस की कार्रवाई- नापासर पुलिस टीम ने थानाधिकारी कविता पुनिया के नेतृत्व में नोरंगदेसर के पास भारतमाला रोड़ पर सर्विस रोड़ पर यह कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने एक स्विफ्ट कार को रोका। संदिग्ध लगने पर स्विफ्ट कार की तलाशी ली गयी। तलाशी के दौरान स्विफ्ट कार में अवैध डोडा मिला। पुलिस ने कार से करीब 50 किलो अवैध डोडा जब्त किया है। पुलिस ने अवैध डोडा के साथ रमेश कुमार और शिवदयाल को गिरफ्तार किया है। दोनो के पास से एक स्विफ्ट कार को भी जब्त किया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमाा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाानाधिकारी पुनिया ने बताया कि नशीले पदार्थो के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है और ऐसे अवैध कार्यो में लिप्त लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।
नयाशहर क्षेत्र में डीएसटी के सहयोग से कार्रवाई-
नयाशहर पुलिस थाना क्षेत्र में डीएसटी की टीम ने नयाशहर पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए 10 ग्राम एमडी के साथ दो को गिरफ्तार किया है। डीएसटी प्रभारी सुरेन्द्र पचार और नयाशहर थानाधिकारी सुरजीत कुमार की टीम ने यह कार्रवाई की है। पुलिस टीमों ने एक स्कार्पियों गाड़ी से 10 ग्राम एमडी के साथ प्रियांशु और अमित राजपुरोहित को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से हजारों की नकदी भी बरामद की है। कार्रवाई में डीएसटी के एएसआई रामकरण की अहम भूमिका रही। आरोपियों से अवैध एमडी खरीद फरोख्त के सम्बंध में पुछताछ की जा रही है।
नोखा क्षेत्र में कार्रवाई- डीएसटी टीम और नोखा पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए एक मेडिकल स्टोर से बड़ी मात्रा में नशीली टेबलेट बरामद की है। पुलिस टीमों ने मौके से मेडिकल स्टोर के संचालक जितेन्द्र जोशी को गिरफ्तार किया है।
वाणिज्यक मात्रा में बरामद दवाइयों के संबंध में एनडीपीएस एक्ट तथा जिला मजिस्ट्रेट बीकानेर द्वारा धारा 163 बीएनएसएस के तहत कुछ दवाइयों की खुली एवं अनियंत्रित बिक्री पर प्रतिबंध लगाने संबंधी आदेश के अंतर्गत अग्रिम कार्रवाई जारी है। कार्रवाई में डीएसटी के कांस्टेबल देवेन्द्र कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टैबलेट की सप्लाई और उससे जुड़े नेटवर्क के संबंध में पूछताछ जारी है।


