राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। चुनावों के परिणामों के बाद बवाल करने के मामले में करीब 50 लोगोंं को जमानत नहीं मिली और जेल भेज दिया गया है। मामला छतरगढ़ के केला से जुड़ा है। जहां पर सरपंच चुनााव के बाद हुए बवाल में कई दर्जन लोगों को पुलिस ने डिटेन किया था। सरपंच चुनाव का परिणाम घोषित होने के बाद हुए बवाल में 23 नामजद सहित 150 से अधिक लोगों के खिलाफ पुलिस पर पथराव, सरकारी वाहनों में तोडफ़ोड़ और राजकार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज किया गया है। वहीं, शांति भंग के आरोप में हिरासत में लिए गए 50 लोगों को सोमवार को बीकानेर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें केंद्रीय कारागार भेज दिया गया।
केला ग्राम पंचायत में रविवार को सरपंच चुनाव का परिणाम घोषित हुआ था। इसमें जमीला ने जीत दर्ज की। परिणाम आते ही एक पक्ष के समर्थकों ने हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद मारपीट और पथराव में बदल गया। उपद्रवियों ने मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों और सरकारी वाहनों को निशाना बनाया। ईंट-पत्थर फेंकने से दो-तीन सरकारी वाहनों के शीशे टूट गए। घटना में तीन पुलिसकर्मी भी चोटिल हो गए।
एएसआई रामचरण की रिपोर्ट पर पुलिस ने राजकार्य में बाधा डालने, पथराव और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की है। इसमें 23 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि 150-200 से अधिक लोगों के शामिल होने की आशंका है।


