राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। बीकानेर शहर की जनता हर रोज सांखला और कोटगेट फाटक पर घंटो ट्रेन के चलते परेशान होती नजर आती है । लगातार इन दिनों फाटक की समस्या के समाधान की आवाज भी उठती रही है लेकिन अब लंबे समय से लंबित कोटगेट-सांखला फाटक प्रोजेक्ट को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। राज्य के वित्त विभाग ने इस प्रोजेक्ट के लिए संशोधित वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी है। बजट 2025-26 के तहत अब इस परियोजना के लिए 57 करोड़ रुपए की मंजूरी दी गई है, जिससे काम में तेजी आने की उम्मीद है।

वित्त विभाग ने पूर्व स्वीकृत राशि को समायोजित करते हुए संशोधित बजट को मंजूरी दी है। यह स्वीकृति शहरी सड़क योजना मद के तहत दी गई है। साथ ही, परियोजना के कार्यों को निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं के अनुसार संचालित करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। टेंडर प्रक्रिया को जल्द शुरू करने और गुणवत्ता नियंत्रण सुनिश्चित करने के लिए भी दिशा-निर्देश दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि पहले इस प्रोजेक्ट के लिए केवल 23 लाख रुपए की स्वीकृति थी, लेकिन समय पर कार्य शुरू नहीं होने और लागत बढऩे के चलते अब राशि को बढ़ाकर 57 करोड़ रुपए किया गया है।




