राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। बीकानेर जिले से बड़ी खबर सामने आयी है। जहां पर स्कूटी की डिग्गी में करोड़ों की हेरोइन मिली है। खबर पूगल क्षेत्र से जुड़ी है। जहां पर सड़क हादसे में घायल युवक की स्कूटी की डिक्की से पुलिस को 70 करोड़ की हेरोइन मिली है। युवक सड़क पर घायल अवस्था में बेहोश पड़ा हुआ था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को हॉस्पिटल पहुंचाया। इसके बाद उसकी स्कूटी खंगाली तो 27 छोटे पैकेट्स में 14 किलो हेरोइन मिली। युवक गंभीर घायल है, जिसे पहले पूगल अस्पताल फिर बीकानेर के पीबीएम हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया है।

पुलिस के अनुसार पूगल से खाजूवाला की तरफ 7 किलोमीटर मुख्य मार्ग पर एक युवक के घायल अवस्था में बेहोश पड़े होने की सूचना मिली थी। घायल युवक खेताराम पाली जिले का रहने वाला है। पुलिस सामान्य हादसा मानते हुए दुर्घटना में टूटी हुई स्कूटी थाने ले आई। थाने में उसकी स्कूटी को खंगाला तो डिक्की में पीले रंग का पैकेट नजर आया। पैकेट में 3 पैकेट्स थे। इसी में अलग-अलग 27 पैकेट्स में हेरोइन रखी थी। कुल 14 किलो हेरोइन थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में 14 किलो हेरोइन की कीमत 70 करोड़ रुपए है।




