राजस्थान 1st न्यूज, बीकानेर। इन दिनों देशभर में यूपीआई पेमेंट को लेकर बड़ी बहस हो रही है। दुकानदारों पर लगाए जा रहे शुल्क को लेकर हर ओर विचार विमर्श की स्थिति है। कई लोग कटाक्ष कर रहे है कि हमारे ही पैसे के लिए हम क्यों टैक्स दें। ऐसे में यूपीआई को लेकर लागू किए जा रहे नए नियम विवादों का केन्द्र बनते जा रहे हैं।
इसी बीच यूपीआई पेमेंट पर 15 अक्टूबर से एमडीआर शुल्क के विरोध में भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने 2 और 15 अक्टूबर को देशभर में ‘नो यूपीआई डे का ऐलान किया है। इस दौरान आंदोलन में शामिल दुकानदार यूपीआई से भुगतान स्वीकार नहीं करेंगे। यूपीआई पर प्रस्तावित एमडीआर शुल्क के विरोध में बुधवार को देशभर के करीब 17 राज्यों के व्यापारिक प्रतिनिधियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग हुई।
इसमें तय किया गया कि 2 अक्टूबर को देशभर में ‘नो यूपीआई डे मनाकर आंदोलन की शुरुआत की जाएगी। इसके बाद 10 अक्टूबर को स्थानीय स्तर पर धरना-प्रदर्शन और 15 अक्टूबर को फिर ‘नो यूपीआई डे मनाया जाएगा। व्यापारियों पर से एमडीआर शुल्क नहीं हटाने पर इसके बाद भी आंदोलन जारी रखने का फैसला किया गया है।


