राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। किसान केसरी और पूर्व नेता प्रतिपक्ष रहें स्व. रामेश्वर लाल डूडी की 3 अक्टूबर को प्रथम पुण्यतिथि है। इस दिन अनेकानेक आयोजन बीकानेर सहित प्रदेशभर में होने है। जिसको लेकर तैयारियां की जा रही है। आज ही कांग्रेस के देहात कार्यालय में इसको लेकर एक बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें तीन अक्टूबर को होने वाले श्रद्धाजंलि सभा को लेकर विचार विमर्श किया गया।
स्व. डूडी की पुण्यतिथि पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, पीसीसी चीफ गोविंद डोटासरा सहित अनेक नेता शामिल होंगे। इसी बीच राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता एवं सचिव साजिद सुलेमानी कुरैशी ने नगर निगम बीकानेर के महापौर अनिल कल्ला को पत्र भेजकर स्वर्गीय रामेश्वर डूडी की स्मृति में बीकानेर शहर की किसी प्रमुख सड़क का नामकरण करने की मांग की है। महापौर को भेजे पत्र में कुरैशी ने कहा कि स्वर्गीय रामेश्वर डूडी राजस्थान के वरिष्ठ जननेता, पूर्व नेता प्रतिपक्ष तथा किसानों और आमजन की आवाज के रूप में लंबे समय तक सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहे।
डूडी का बीकानेर से भी विशेष राजनीतिक एवं आत्मीय संबंध रहा। पत्र में कहा गया है कि स्वर्गीय डूडी की स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखने और नई पीढ़ी को उनके सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा से परिचित कराने के उद्देश्य से बीकानेर शहर की किसी प्रमुख सड़क का नाम स्वर्गीय श्री रामेश्वर डूडी मार्ग रखा जाना चाहिए।
कुरैशी ने महापौर से अनुरोध किया कि इस संबंध में प्रस्ताव को नगर निगम की सक्षम समिति अथवा सदन के समक्ष प्रस्तुत करवाकर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई शुरू की जाए।


