राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। टैक्सी किराये पर ले जाने और लूट ले जाने के मामले में पुलिस ने तीन को गिरफ्ताार किया हे। यह कार्रवाई एसपी मुदृल कच्छावा के निर्देशन में कोलायत पुलिस टीम ने की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई टैक्सी और मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं। आरोपियों से वारदात के संबंध में गहन पूछताछ एवं अनुसंधान जारी है। पुलिस के अनुसार 21 जुलाई 2026 को रात के समय खाखुसर की रोही में टैक्सी चालक से लूट की वारदात हुई थी। इस संबंध में परिवादी गणेश निवासी कोलायत ने 22 जुलाई को कोलायत थाने में रिपोर्ट दी थी।
रिपोर्ट के अनुसार वह कोलायत में टैक्सी चलाता है। 21 जुलाई की शाम एक अज्ञात व्यक्ति उसके पास आया और परिवार के सदस्यों को कोलायत से खाखुसर खेतों में मजदूरी के लिए ले जाने की बात कही। रात करीब 8 बजे वह रेलवे स्टेशन पहुंचा, जहां टैक्सी लेकर बताए गए स्थान पर गया। पुलिस के मुताबिक रेलवे स्टेशन पर एक व्यक्ति के साथ 2-3 अन्य लोग मिले। आरोपी टैक्सी चालक को किराये पर लेकर खाखुसर की रोही में ले गए। वहां आरोपियों ने चालक की आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया और उसके साथ मारपीट करते हुए टैक्सी व मोबाइल फोन लूट लिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वृत्ताधिकारी संग्राम सिँह कोलायत के निर्देशन में टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के मोबाइल टावरों की सेल आईडी डम्प डाटा तथा घटना के दिन के करीब 100 सीसीटीवी फुटेज खंगालकर उनका विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हेतराम जिला नागौर, पुनाराम उर्फ आकाश जिला नागौर तथा मिथुन उर्फ सुरेश जिला नागौर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में लूटी गई टैक्सी और मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। तीनों आरोपियों के पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज होना बताया गया है।


