राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। भीषण गर्मी और लू के बढ़ते प्रभाव के बीच स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए शनिवार को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध और कोलायत ब्लॉक के नोडल अधिकारी डॉ. सुनील कुमार जैन ने संयुक्त रूप से कोलायत ब्लॉक के पांच अस्पतालों तथा मुरलीधर व्यास नगर यूपीएचसी का सघन औचक निरीक्षण किया। कोलायत क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भरत ओझा भी उनके साथ रहे।

 

इन चिकित्सा संस्थानों का हुआ निरीक्षण
सीएमएचओ ने कोलायत क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हदा, गडिय़ाला व दियातरा के साथ-साथ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र झझू और गिरिराजसर का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल के वार्डों, दवा वितरण केंद्रों और प्रयोगशालाओं की जांच की गई। डॉ. साध ने वहां मौजूद मरीजों और उनके परिजनों से व्यक्तिगत रूप से बात कर दवाइयों की निशुल्क उपलब्धता, जांच सुविधाओं और स्टाफ के व्यवहार के संबंध में फीडबैक लिया और व्यवस्थाओं को और अधिक बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

 

हीटवेव प्रबंधन और दवाइयों की उपलब्धता
बढ़ती गर्मी को देखते हुए डॉ. साध ने सभी अस्पतालों में लू-तापघात के मरीजों के लिए आरक्षित बेड, शीतल पेयजल और कूलर-पंखों की स्थिति को जांचा। उन्होंने निर्देश दिए कि ओआरएस, आईवी फ्लूड और जीवन रक्षक दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक हर समय उपलब्ध रहना चाहिए। आपातकालीन स्थिति में मरीजों को तुरंत उपचार मिले, इसके लिए सभी केंद्रों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।

टीकाकरण और स्टाफ की उपस्थिति पर कड़ी हिदायत
डॉ. साध ने 14 से 15 वर्ष की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए लगाए जा रहे एचपीवी टीके की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने टीकाकरण की गति बढ़ाने और कोई भी पात्र बालिका न छूटे, इसके लिए विशेष प्रयास करने को कहा। साथ ही, उन्होंने सभी चिकित्सा अधिकारियों और स्टाफ को सख्त निर्देश दिए कि वे अपने मुख्यालय पर ही निवास करेंगे ताकि आपातकालीन स्थिति में 24 घंटे सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। इस दौरान सफाई व्यवस्था और रिकॉर्ड संधारण को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

Rajasthan1st News से आप यहाँ भी जुड़ें !

संबंधित खबरें
🏏 लाइव क्रिकेट स्कोर LIVE
error: Content is protected !!