राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। राजस्थान सरकार ने केन्द्र सरकार की तर्ज पर जुलाई माह से 9 लाख कर्मचारियों का महंगाई भत्ता (डीए) व 5 लाख पेंशनरों का महंगाई राहत (डीआर) 3 फीसदी बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। अभी प्रदेश में डीए-डीआर 60 फीसदी है, जो अब बढ़कर 63 फीसदी हो जाएगा। घोषणा से पहले तक की राशि जीपीएफ में जमा होगी और दिसम्बर में मिलने वाले वेतन में राशि जुड़कर आने की उम्मीद है।
इस बीच राजस्थान सरकार अपने सरकारी कर्मचारियों के लिए एक और खुशखबर देने जा रही है। सरकारी कर्मचारियों को दीपावली बोनस देने की भी तैयारी कर रही है, जिसको लेकर संभव है कि अगले सप्ताह घोषणा हो जाएगी और धनतेरस से पहले भुगतान हो जाएगा। वित्त विभाग में डीए-डीआर बढ़ोतरी व बोनस देने की तैयारी चल रही है। राज्य निर्वाचन आयोग व मुख्यमंत्री की मंजूरी के बाद इनकी घोषणा संभव है। सूत्रों ने बताया कि इनका लाभ राज्य सरकार के कर्मचारियों के साथ ही पंचायत समिति और जिला परिषद के कर्मचारियों को भी मिलेगा।
सरकारी कर्मचारियों का डीए साल में 2 बार बढता है। जनवरी व जुलाई के आधार पर डीए बढ़ाया जाता है। अक्सर सरकार डीए की घोषणा मार्च व अक्टूबर में करती आई है। इसमें इनमें बकाया राशि जीपीएफ में जमा हो जाती है। अगले माह से डीए की बढ़ी हुई राशि सैलरी में जमा होती है।


