राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। उप जिला चिकित्सालय कोलायत में गर्भवती महिलाओं के लिए सोनोग्राफी सेवा पुन: शुरू कर दी गई है। स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रिया चौधरी द्वारा आवश्यक प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद यह महत्वपूर्ण सुविधा फिर से उपलब्ध हो गई है, जिससे क्षेत्र की प्रसूताओं को स्थानीय स्तर पर ही जांच की सुविधा मिल सकेगी। संस्थान से जुड़े डॉ. मोहम्मद ताहिर ने बताया कि अब प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार को प्रसूताओं की सोनोग्राफी की जाएगी। इससे गर्भवती महिलाओं को समय पर जांच की सुविधा मिलेगी और उन्हें सोनोग्राफी के लिए अन्य शहरों या अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. महेन्द्र सिंह शेखावत ने बताया कि उप जिला चिकित्सालय कोलायत में आमजन को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सोनोग्राफी सेवा के पुन: प्रारंभ होने से क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था की समय पर पहचान कर आवश्यक उपचार एवं उचित प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सकेगा, जिससे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सकेगा। चिकित्सालय प्रशासन ने क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं से निर्धारित दिवस पर अस्पताल पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है।


