राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। स्वतंत्रता दिवस पर राज्य स्तरीय आयोजन इस बार बीकानेर संभाग के मुख्यालय पर आयोजित हो रहा है। जिसको लेकर शहर से लेकर बॉर्डर तक सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गयी है। इसी बीच बीकानेर संभाग के श्रीगंगानगर में सीमा सुरक्षा बल के कैंप में एक संदिग्ध को पकड़ा गया है। बीएसएफ की 163वीं बटालिया के कैंप में व्यक्ति बिना किसी परमिशन के घुसा था।
आरोपी के पास मिले मोबाइल से पाकिस्तानी नंबरों के मैसेज और कॉल डिटेल्स भी मिली है। आरोपी लगातार इन नंबरों पर संपर्क कर रहा था। इस सम्बंध में रायसिंहनगर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार 9 अगस्त 2026 को शाम करीब 6 बजे आरोपी सुभाष चंदर ने बीएसएफ कैंप परिसर में दीवार फांदकर घुसा, जिसे जवानों ने मौके पर ही पकड़ लिया।
बीएसएफ टीम द्वारा प्रारंभिक पूछताछ और उसके मोबाइल की कॉल डिटेल्स की जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। कॉल रिकॉर्ड में कंट्री कोड पाकिस्तान (92) वाले मोबाइल नंबरों से संपर्क का खुलासा हुआ है। आरोपी ने इन पाकिस्तानी नंबरों पर कई बार कॉल और मैसेज किए हैं। ऐसे में अंदेशा जताया जा रहा है कि जासूसी के इरादों से व्यक्ति कैंप में घुसा। जिससे पुछताछ जारी है ।


