राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। निजी शिक्षण संस्थानों की विभिन्न समस्याओं एवं लंबित मांगों को लेकर स्कूल शिक्षा परिवार ने रविवार को कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी से मुलाकात कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने निजी विद्यालय संचालकों के सामने आ रही समस्याओं को विस्तार से रखते हुए सरकार से शीघ्र समाधान की मांग की। स्कूल शिक्षा परिवार के जिला अध्यक्ष खियाराम सैन, बज्जू ब्लॉक अध्यक्ष सुभाष खीचड़ एवं कोलायत ब्लॉक अध्यक्ष भंवर उपाध्याय के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल विधायक से मिला। इस दौरान बज्जू एवं कोलायत ब्लॉक क्षेत्र के दर्जनों निजी विद्यालयों के संस्था प्रधान एवं संचालक मौजूद रहे।
शाला संबल योजना और आरटीई भुगतान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया
ज्ञापन के दौरान निजी स्कूल संचालकों ने कहा कि वर्तमान में निजी शिक्षण संस्थानों को विभिन्न स्तरों पर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ब्लॉक अध्यक्ष भंवर उपाध्याय ने बताया कि शाला संबल योजना के माध्यम से निजी विद्यालयों पर विभिन्न पहलुओं को लेकर जांच का दबाव बनाया जा रहा है। वहीं आरटीई के तहत मिलने वाली राशि का समय पर भुगतान नहीं होने से भी निजी विद्यालय संचालकों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने निजी विद्यालयों से जुड़ी अन्य समस्याओं को भी विधायक के समक्ष रखा तथा सरकार से नीतिगत स्तर पर राहत एवं समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग की।
पांच सूत्रीय मांगों का सौंपा ज्ञापन
स्कूल शिक्षा परिवार की ओर से निजी शिक्षण संस्थानों के हित में पांच सूत्रीय मांगों का ज्ञापन विधायक अंशुमान सिंह भाटी को सौंपा गया। प्रतिनिधिमंडल ने विधायक से मांगों को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने तथा संबंधित विभाग के स्तर पर शीघ्र समाधान करवाने की अपील की।
स्कूल संचालकों ने कहा कि निजी विद्यालय प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को शिक्षा उपलब्ध करा रहे हैं। ऐसे में निजी विद्यालय संचालकों की समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान किया जाना जरूरी है।
मांगें नहीं मानी तो 21 अगस्त को विधानसभा घेराव
प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन के माध्यम से स्पष्ट किया कि यदि सरकार की ओर से निजी शिक्षण संस्थानों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 21 अगस्त को विधानसभा का घेराव किया जाएगा। स्कूल शिक्षा परिवार ने कहा कि मांगों को लेकर संगठन आगे भी आंदोलनात्मक कदम उठाएगा और सरकार का ध्यान निजी विद्यालयों की समस्याओं की ओर आकर्षित किया जाएगा।
विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं एवं मांगों को गंभीरता से सुना और उचित स्तर पर मांगों को रखने तथा समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान जयप्रकाश, जमना मेडम, नितेश भोजक, कुलदीप सिंह, सुनील सहित बज्जू एवं कोलायत क्षेत्र के दर्जनों निजी विद्यालय संचालक एवं संस्था प्रधान मौजूद रहे।


