राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ में बीती रात को हादसा हो जाने की खबर सामने आयी है। घटना स्टेट हाइवे-6 ए पर धरमास गांव के पास सोमवार रात करीब 10.30 बजे की है ।जहां पर सड़क हादसे में 3 युवक घायल हो गए। सामने से आ रहे ट्रक की तेज रोशनी के कारण टेंट जीप अनियंत्रित होकर गाय से टकरा गई।
हादसे के समय पीछे से आ रहे भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश कोषाध्यक्ष विनोद गिरी गुसाईं, पालिकाध्यक्ष नारायण कलाणी सहित भाजपा नेताओं ने घायलों को संभाला और पिकअप से श्रीडूंगरगढ़ रवाना किया। एम्बुलेंस बाना के पास पिकअप से घायलों को शिफ्ट कर अस्पताल लाई। रेलवे फाटक बंद होने से एम्बुलेंस को दो बार बदलना पड़ा और पैदल क्रॉसिंग पार करवाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में रिड़ी निवासी 20 वर्षीय रणजीत, 30 वर्षीय मनोज और इंद्रपालसर निवासी सुरेंद्र शामिल हैं, जिन्हें गंभीर चोटों के कारण बीकानेर रेफर किया गया है।


